नई दिल्ली । असम में विधानसभा की पांच सीटों पर हुए उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और गठबंधन सहयोगी ने सभी सीटें जीत ली है, वहीं हिमाचल प्रदेश में लोकसभा की एक तथा विधानसभा की तीन सीटों के उपचुनावों में कांग्रेस ने सभी चार सीटें जीत कर राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा को करारी शिकस्त दी है।
कांग्रेस ने राजस्थान में भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए धरियावाद और वल्लभनगर दोनों विधानसभा सीटों पर विजय हासिल की है।
पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने सभी चार विधानसभा सीटों दिनहाटा, गोसाबा खरदाह और शांतिपुर पर विजय हासिल की है। मध्य प्रदेश में सत्तारूढ दल भाजपा ने खंडवा संसदीय क्षेत्र और जोबट तथा पृथ्वीपुर विधानसभा क्षेत्रों में विजय हासिल कर ली है जबकि रैगांव विधानसभा सीट पर शुरुआत में पिछड़ने वाली कांग्रेस ने आखिरकार जीत हासिल कर ली है।
हरियाणा के ऐलनाबाद विधानसभा सीट पर उपचुनाव में इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) विधायक अभय चौटाला ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भारतीय जनता पार्टी-जननायक जनता पार्टी प्रत्याशी गोविंद कांडा सत्तारूढ़ गठबंधन प्रत्याशी गोबिंद कांडा को 6708 मतों से हरा कर जीत दर्ज करायी।
बिहार के कुशेश्वरस्थान (सुरक्षित) विधानसभा क्षेत्र से जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के अमन भूषण हजारी 12000 से अधिक मतों के अंतर से उप चुनाव जीत गये। श्री हजारी ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के उम्मीदवार गणेश भारती को 12698 मतों के अंतर से पराजित किया। जदयू ने इस सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा है।
आंध्र प्रदेश की बदवेल सीट पर वाईएसआर कांग्रेस ने कब्जा बरकरार रखा है। वहीं कर्नाटक उपचुनाव में भाजपा के रमेश भुसनुर ने सिंदगी सीट पर कांग्रेस के अशोक मानागुली को हराकर जीत का परचम लहराया है, वहीं हनागल सीट का परिणाम अभी तक आया नहीं है।
Leave a Reply