एनकाउंटर फर्जी हो रहे, घोसी चुनाव में मस्जिद के इमामों को धमकाया
शाहजहांपुर । सपा के प्रदेश महासचिव अताउर्ररहमान ने यहां सपा कार्यालय में कहा कि इस समय मुसलमानों पर जुल्म और ज्यादती हो रही है। एनकांउटर फर्जी हो रहे हैं। निर्दोष लोगों को मारा जा रहा है। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष समेत तमाम पदाधिकारियों ने उनका फूल मालाओं के साथ स्वागत किया। प्रदेश महासचिव पूरे यूपी में संगठन की समीक्षा करने के लिए निकले हैं। यहां उन्होंने मीडिया से बात करते हुए भाजपा पर जमकर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि बहुत से एनकाउंटर बिल्कुल फर्जी हो रहे हैं। एक विशेष समुदाय के खिलाफ साजिशें चल रही है। जिस तरह का रवैया अपनाया हुआ है। लगातार इस पर राष्ट्रीय अध्यक्ष भी बोलते हैं। वोट डालने का अधिकार सबको है जो बाबा भीमराव अंबेडकर ने अधिकार सबको दिया है। घोसी के चुनाव में देखा कि मदरसे खाली करा दिए गए। मस्जिद के इमामों को बुलाकर धमकाया गया। सपा के मूल वोटर कहलाए जाते हैं उनको डराया और धमकाया गया, लेकिन वहां पर हर वर्ग हर धर्म और हर जाति के लोगों ने सपा को वोट दिया है। भाजपा को नकार दिया। वहां पर 42 हजार वोटों से सपा प्रत्याशी की जीत हुई है। ये जो भारतीय जनता पार्टी की सरकार कर रही है, एक तरफ मुसलमानों को जोड़ने की बात कर रही है। पसमांदा तबके की बात करती है। दूसरी तरफ मुसलमानों पर जुल्म ज्यादती इतनी ज्यादा बढ़ गई है। मुसलमान बस सब्र किए हुए है। सब्र का फल मीठा होता है और बहुत अच्छा होता है।
प्रदेश महासचिव अताउर्ररहमान ने कहा कि हर विधानसभा में जाकर संघठन को मजबूत करने के लिए समीक्षा बैठके कर रहे हैं। संगठन ही पार्टी की रीढ़ होता है। हमारी सीटे थोड़े-थोड़े वोटों से हार जाती हैं। इसलिए हम लोग संगठन को और मजबूती देने के लिए बैठक रहे हैं और जहां पर कोई कमी होती है तो उसको बताते हैं कि, इस कमी को दूर कर लिया जाए। पूरी उम्मीद है कि, तीन महीने के अंदर मजबूत संगठन को और मजबूती देंगे।