इजराइल ने संयुक्त राष्ट्र शांति सैनिकों पर 48 घंटे में दूसरी बार किया हमला,अमेरिका हुआ नाराज

अमेरिका के विशेष दूत अमोस होचस्टीन ने कहा कि शुक्रवार को दक्षिणी लेबनान में संयुक्त राष्ट्र शांति सेना के ठिकानों पर इजराइल के हमले की खबरें अस्वीकार्य हैं।

New Delhi ,(Shah Times) ।मिडिल ईस्ट में तनाव अपने चरम पर पहुंच गया है। इजराइल लगातार लेबनान पर हमला कर रहा है। शुक्रवार को हुए हमले में दो सैनिक मारे गए और दो संयुक्त राष्ट्र शांति सैनिक घायल हो गए। वहीं, अमेरिका ने शांति सेना के ठिकानों को निशाना बनाए जाने पर नाराजगी जताई और कहा कि इस तरह के हमले अस्वीकार्य हैं।

इजराइल ने 48 घंटे में दूसरी बार लेबनान में संयुक्त राष्ट्र शांति सेना पर हमला किया है। यूनिफिल ने  हमले की पुष्टि की। संयुक्त राष्ट्र शांति सेना ने कहा कि इजराइल ने नाकोरा शहर में उनके मुख्यालय पर धमाके किए। इसमें 2 शांति सैनिक घायल हो गए। ये दोनों श्रीलंका के नागरिक हैं। इजराइल ने यूनिफिल पर पहला हमला गुरुवार को किया था। इसमें इंडोनेशिया के 2 शांति सैनिक घायल हो गए। यहां भारत के 600 सैनिक भी तैनात हैं। 

भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा था कि शांति सेना की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाए जाने चाहिए। हमले के बाद इजराइल ने कहा कि सेना को इस इलाके में खतरे की जानकारी मिली है। हमले से पहले संयुक्त राष्ट्र के कर्मचारियों को आगाह कर दिया गया था। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा कि वह इजराइल से अपील करते हैं कि हिजबुल्लाह से लड़ाई के बीच वह संयुक्त राष्ट्र के शांति सैनिकों पर हमला करना बंद करे।

दरअसल, नए घटनाक्रम की समीक्षा करते हुए अमेरिका के विशेष दूत अमोस होचस्टीन ने कहा कि शुक्रवार को दक्षिणी लेबनान में संयुक्त राष्ट्र शांति सेना के ठिकानों पर इजराइल के हमले की खबरें अस्वीकार्य हैं।

लेबनान के लिए अमेरिका के विशेष दूत अमोस होचस्टीन ने कहा कि अमेरिका देश में युद्ध विराम के लिए लगातार काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि पूरा संघर्ष समाप्त हो। हम इस पर लगातार काम भी कर रहे हैं। उन्होंने उन दो सैनिकों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। लेबनानी सेना का कहना है कि दोनों सैनिक दक्षिणी क्षेत्र में इजराइली हमले में मारे गए।

अमेरिकी दूत ने यह भी कहा कि गुरुवार देर रात बेरूत के केंद्रीय जिलों बस्ता और न्वेरी पर इजरायली हमला, जिसमें 22 लोग मारे गए, भी स्वीकार्य नहीं है। कथित तौर पर इजरायल ने इनमें से एक हमले में हिजबुल्लाह के वरिष्ठ अधिकारी वाफिक सफा को निशाना बनाया।

उन्होंने कहा कि बेरूत में बमबारी जारी है, इसे भी रोकना होगा। होचस्टीन ने कहा कि हम इस बमबारी को रोकने का प्रयास कर रहे हैं। घनी आबादी वाले बेरूत में बमबारी का यह अभियान हमें पसंद नहीं है। इससे पहले शुक्रवार को लेबनान के प्रधानमंत्री नजीब मिकाती ने संयुक्त राष्ट्र से इजरायल और हिजबुल्लाह के बीच तत्काल युद्धविराम के लिए प्रस्ताव पारित करने का आग्रह किया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here