नई दिल्ली (Shah Times): राजधानी दिल्ली में इसी साल फरवरी माह में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है। उम्मीद है इसी महीने चुनाव आयोग तारीखों का ऐलान कर सकता है।
दिल्ली के विकास योजनाओं का ऐलान
ऐसे में प्रधानमंत्री मोदी दिल्ली चुनाव का बिगुल कल यानी शुक्रवार को फूंकेंगे। दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा के मुताबिक, रोहिणी के जापानी पार्क में पीएम नरेंद्र मोदी रैली को संबोधित करेंगे। इस दौरान वह दिल्ली के विकास के लिए 4500 करोड़ रुपए की कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दी जानकारी
दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिल्ली के प्रोग्राम की जानकारी देते हुए बताया कि पिछले 10 वर्षों में भारत में अभूतपूर्ण प्रगति की है। पूरा विश्व प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व को स्वीकार करता है। दिल्ली में भी प्रधानमंत्री ने कई बार दिल्ली को बेहतर बनाने के लिए कई सौगातें दी।
दिल्ली विश्वविद्यालय को मिलने वाली है सौगात
दिल्ली विश्वविद्यालय के लिए नया साल बहुत कुछ देने जा रहा है। इस नए साल में दिल्ली विश्वविद्यालय को दो नए कैंपस और एक नया कॉलेज मिलने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन जनवरी को दिल्ली विश्वविद्यालय में 600 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली तीन नई परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इसमें पूर्वी दिल्ली के सूरजमल विहार में पूर्वी परिसर में एक शैक्षणिक ब्लॉक और द्वारका में पश्चिमी परिसर में एक शैक्षणिक ब्लॉक शामिल है।